(मिर्जापुर) | क्षेत्र के अदलहाट -शेरवा मार्ग पर भुइलीखास गांव के पास गुरुवार की दोपहर बाद तेज रफ्तार कार के धक्के से चंदौली जनपद के चकिया थाना क्षेत्र के गनेशपुर निवासी 23 वर्षीय युवक धर्मेंद्र बिंद की मृत्यु हो गई।दुर्घटना में दस लोग घायल हो गए।भुइलीखास गांव में एक बिल्डिंग मैटेरियल की दुकान के संचालक नीरज पांडेय की तरफ से बुजुर्गों में कंबल वितरण का आयोजन किया गया था।कंबल लेने के लिए लोगों की भीड़ सड़क स्थित बिल्डिंग मैटेरियल की दुकान पर जुटी हुई थी।दोपहर करीब दो बजे अदलहाट की तरफ से तेज रफ्तार कार शेरवा की तरफ जा रही थी,भुइलीखास गांव के पास स्कूटी में धक्का मारते हुए युवक को कार में घसीटते हुए दस किलोमीटर मीटर आगे जमालपुर थाना क्षेत्र के शेरवा पुलिस चौकी से आगे चंदौली जनपद के मझगांवा गांव के पास गड्ढें में उतर गई।घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने शेरवा पुलिस चौकी पर जमकर हंगामा किया एवं बंद गेट को जबरन खोल कर भीतर घुसने का प्रयास किया। जानकारी पर मौके पर एसडीएम चुनार राजेश कुमार वर्मा,क्षेत्राधिकारी चुनार मंजरी राव,थाना प्रभारी जमालपुर अमित कुमार, अदलहाट प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार सेठ मौके पर पहुंच कर स्थिति को नियंत्रण करने का प्रयास किया लेकिन ग्रामीणों के शांत नही होने पर पुलिस ने लाठीचार्ज कर लोगों को तितर-बितर किया।पुलिस ने लोगों को समझा बुझाकर शव को पीएम के लिए भेज दिया।दुर्घटना में कार के धक्के से घायलों को इलाज के लिए सीएचसी केंद्र जमालपुर ले जाया गया। गंभीर रूप से घायल भुइलीखास गांव निवासी 60 वर्षीय रूपनारायण एवं 58 वर्षीय कृष्णावती को प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सक ने ट्रामा सेंटर बीएचयू वाराणसी के लिए रेफर कर दिया।भुइलीखास निवासी 56 वर्षीय आशा एवं 63 वर्षीय निर्मला का उपचार सीएचसी पर चल रहा है।भुइली निवासी 60 वर्षीय साधो एवं नवडीहा निवासी 50 वर्षीय लक्ष्मीना,आशा पत्नी पाशो बियार,रुस्तम,रामावती पत्नी गणेश प्रजापति व रामजी का इलाज प्राइवेट चिकित्सालय में कराया गया।घर का इकलौता चिराग था मृतकमृतक युवक मां का इकलौता संतान था।युवक के पिता बाबूलाल बिंद की मृत्यु पूर्व में हो चुकी है। मृतक को पांच बहनें है। मां मालती देवी और बहनों का रो -रोकर बुरा हाल हो गया।तहरीर देकर मां ने लगाया गुहारमृतक युवक की मां मालती देवी ने अदलहाट थाने में तहरीर देकर बताया कि मेरा पुत्र अपने बहनोई रामभरोस के साथ स्कूटी से भुइलीखास गांव गया हुआ था एवं सड़क किनारे खड़ा था। अचानक अदलहाट की तरफ से तेज रफ्तार कार ने स्कूटी में धक्का मार दिया और जिससे मेरा पुत्र कार में फंस गया।कार चालक बेटे को घसीटते दस किलोमीटर दूर मझगांवा ले गया जिससे उसकी मृत्यु हो गई।खून से रंग गई सड़क घटनास्थल भुइलीखास से चंदौली के मझगांवा तक करीब दस किलोमीटर तक युवक के खून से सड़क रंग गई।कार में फंसे युवक को देखने के बाद भी कार चालक एवं उसमें सवारों का दिल नही पसीजा।प्रभारी निरीक्षक अदलहाट अजय कुमार सेठ ने बताया कि मृतक युवक की मां की तहरीर पर अज्ञात चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।

मौके पर चकिया विधायक कैलाश आचार्य ने पहुंचकर परिजनों को समझाया व अधिकारियों से बातचीत करके हत्या का मुकदमा दर्ज कर पीड़ित को मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया।

एसडीएम चुनार राजेश कुमार वर्मा ने बताया-
" अल्टो से स्कूटी की टक्कर हुई है। जिसमें स्कूटी सवार कार में फंस गया, जो चंदौली बॉर्डर तक घसीटते हुए ले गया। पुलिस ने दबिश देकर कार चालक को हिरासत में ले लिया है। घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है।

image
मौके पर उपस्थित भीड़
image
घायलों का इलाज निजी अस्पताल में चल रहा है
image
इसी स्कूटी पर सवार था युवक