महिला का शव लेकर थाने पहुंचे परिजनों ने पुलिस से किया तत्काल कार्रवाई की मांग

परिजनों ने झोलाछाप डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए किया हंगामा

धानापुर। स्थानीय कस्बे में स्थित इन्द्रा क्लीनिक में झोलाछाप के द्वारा ऑपरेशन के दौरान महिला की मौत हो गई। जिसके बाद परिजनों ने हंगामा कर दिया और बवाल काटा। शव लेकर थाने पहुंच गए। और झोलाछाप के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की मांग करने लगे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कार्रवाई में जुट गई है। धानापुर थाना क्षेत्र के कुसम्ही गांव निवासी 28 वर्षीय सुमन देवी पत्नी दरोगा बिंद की बच्चेदानी के ऑपरेशन के बाद मौत हो गई। महिला का ऑपरेशन धानापुर ब्लॉक मुख्यालय के पास स्थित इन्द्रा क्लीनिक में कराया गया था। मौत की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों ने चिकित्सक और अस्पताल प्रबंधन पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए मामले में कार्रवाई की मांग की। बताया जा रहा है कि सुमन देवी की बच्चेदानी में समस्या होने के कारण परिजनों ने उसे उपचार के लिए इंद्रा क्लीनिक में भर्ती कराया था। चिकित्सकों की सलाह पर उसका ऑपरेशन किया गया। ऑपरेशन के बाद महिला की हालत बिगड़ने लगी। परिजनों के अनुसार उपचार के बाद ही उसकी मौत हो गई। महिला की मौत के बाद परिजन शव लेकर धानापुर थाने पहुंच गए और चिकित्सकीय लापरवाही का आरोप लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए शव को कब्जे में ले लिया। पुलिस द्वारा शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही महिला की मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। वहीं, महिला की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजन निजी चिकित्सालय में इलाज के दौरान बरती गई कथित लापरवाही की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।धानापुर में झोलाछाप ने कर दिया बच्चेदानी का ऑपरेशन, महिला की मौत

कोई डिग्री नहीं, स्वघोषित डाक्टर है इंद्रजीत प्रजापति

धानापुर। धानापुर कस्बे में जिस युवक इंद्रजीत प्रजापति ने स्वघोषित डॉक्टर बनकर महिला के बच्चेदानी का ऑपरेशन किया है। वह कुछ वर्षो पहले तक कस्बे के ही एक अस्पताल में कम्पाउंडर का काम कर रहा था। लोगो का आरोप है कि वर्तमान में उसके पास कोई डिग्री नहीं है। बावजूद इसके रुपयों के दम पर वह सीएमओ का कृपापात्र बना हुआ है। और आये दिन इस तरह के ऑपरेशन और इलाज के नाम पर गरीब एवं अनपढ़ मरीजों का शोषण करता रहता है। परिजनों ने उक्त कथित डाक्टर पर अज्ञानता एवं लापरवाही का आरोप लगाते हुए पुलिस से शिकायत किया है। और चेतावनी दिया है कि यदि दोषी के विरुद्ध प्रशासन ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया तो वे लोग आंदोलन प्रदर्शन करने को बाध्य होंगे

वर्जन --- 

अस्पताल के बैधता की जांच की जाएगी। जो भी दोषी होंगे। उनके विरुद्ध कठोर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।        परितोष मिश्रा,सीएमओ, चंदौली