थाने पर अर्धनग्न प्रदर्शन के बाद हरकत में आया पुलिस महकमा, विभागीय जांच भी शुरू

वाराणसी। पांडेयपुर पुलिस चौकी में पत्रकार देवेंद्र पांडेय के साथ कथित अभद्रता के मामले ने बुधवार देर रात पुलिस महकमे में हड़कंप मचा दिया। कार्रवाई की मांग को लेकर बड़ी संख्या में पत्रकारों ने लालपुर-पांडेयपुर थाने का घेराव कर बारिश के बीच अर्धनग्न प्रदर्शन किया। करीब चार घंटे तक चले विरोध-प्रदर्शन के बाद पुलिस अधिकारियों ने मामले में कार्रवाई का भरोसा दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी वरुणा जोन ने जांच के निर्देश दिए। जांच के बाद आरोपी आरक्षी रानू कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। पुलिस के अनुसार आरोपी सिपाही के खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है। बताया गया कि पत्रकार देवेंद्र पांडेय बुधवार को पांडेयपुर चौकी पहुंचे थे। आरोप है कि वहां मौजूद सिपाही ने उनके साथ गाली-गलौज और अभद्रता की तथा उनकी गाड़ी की चाबी छीन ली। पत्रकार द्वारा घटना का वीडियो बनाने का प्रयास किए जाने पर मोबाइल छीनने और हाथ मरोड़ने का भी आरोप लगाया गया। घटना चौकी परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद होने की बात कही गई है। घटना के बाद जब पत्रकारों ने कार्रवाई की मांग उठाई तो मामला तेजी से तूल पकड़ गया। दर्जनों मीडियाकर्मी लालपुर-पांडेयपुर थाने पहुंच गए और कार्रवाई की मांग को लेकर धरने पर बैठ गए। विरोध के दौरान पत्रकारों ने अर्धनग्न होकर पुलिस प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया। एसीपी कैंट प्रज्ञा पाठक भी मौके पर पहुंचीं और प्रदर्शनकारी पत्रकारों से वार्ता कर कार्रवाई का आश्वासन दिया। पुलिस कार्रवाई के बाद फिलहाल मामला शांत हुआ है, लेकिन पत्रकारों का कहना है कि पुलिसकर्मियों के व्यवहार और पत्रकारों की सुरक्षा को लेकर जिम्मेदारी तय होनी चाहिए। मामले में विभागीय जांच के निष्कर्ष पर अब सभी की निगाहें टिकी हैं।