चंदौली। समाजवादी शिक्षक सभा के राष्ट्रीय सचिव हरदेव कुशवाहा ने गुरुवार को जिले के धानापुर क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित गांवों का दौरा किया। उन्होंने दिया (रामपुर), प्रसहटा और गद्दोचक गांवों के किसानों से मुलाकात की। गंगा में आई बाढ़ से किसानों को काफी नुकसान हुआ है। कुशवाहा ने सरकार से मुआवजे की मांग की। धानापुर के हिंगुतरगढ़, बुद्धपुर,नौघरा प्रसहटा, रामपुर दियाँ सहित अन्य गांव गंगा कटान की चपेट में हैं। यहां हजारों बीघा से ज्यादा खेत गंगा में समा गए हैं। बाढ़ के कारण किसानों को हरे चारे का भी नुकसान हुआ है।
लगातार हो रहे कटान से गंगा किनारे रहने वाले किसान भूमिहीन होते जा रहे हैं। किसानों ने कई बार जनप्रतिनिधियों से मदद की गुहार लगाई है। हालांकि, अब तक गंगा कटान को रोकने में सरकार और अधिकारी नाकाम रहे हैं।
हरदेव कुशवाहा ने इन किसानों से मुलाकात के बाद उन्हें आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि वे राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से किसानों की समस्या पर बात करेंगे। बेधड़क न्यूज 24 से बातचीत में हरदेव कुशवाहा ने बताया कि गंगा किनारे के किसानों को हरे चारे की कमी का सामना करना पड़ रहा है। गंगा कटान से प्रभावित किसान सबसे ज्यादा परेशान हैं। सैकड़ों किसानों के खेत गंगा में डूब चुके हैं। उन्होंने कहा कि इन समस्याओं से समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को अवगत कराया जाएगा। कुशवाहा ने वादा किया कि 2027 में सपा सरकार बनने पर इन किसानों की समस्याओं का समाधान किया जाएगा। समाजवादी पार्टी चुनाव की तैयारी में जुट गई है। कुशवाहा ने आरोप लगाया कि बीजेपी सरकार में लोगों की सुनवाई नहीं हो रही है। किसान खाद और बीज न मिलने से परेशान हैं। गंगा कटान में खेत समाहित होने से गंगा किनारे के किसानों का भविष्य खतरे में है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में सपा की सरकार बनने पर किसानों को मुआवजा भी दिया जाएगा।