पंचायत सहायकों की मनमानी पर उठे सवाल, कहीं ताला तो कहीं रजिस्टर में रोज उपस्थिति


चंदौली। जिले के विकास खंड धानापुर में पंचायत सहायकों की कार्यप्रणाली को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। हिंगुतरगढ़ में पंचायत भवन पर करीब एक सप्ताह से ताला बंद होने की शिकायत है, जबकि किशुनपुरा के पंचायत सहायक की रोजाना उपस्थिति रजिस्टर में दर्ज होने का आरोप है। बताया जा रहा है कि संबंधित पंचायत सहायक गाजीपुर में बीएड की नियमित कक्षाओं में शामिल हो रहे हैं। क्षेत्र के अन्य पंचायतों में भी कुछ पंचायत सहायकों के निजी विद्यालयों में पढ़ाने अथवा लाइब्रेरी में अध्ययन करने की शिकायतें सामने आ रही हैं। ऐसे में पंचायत भवनों पर ग्रामीणों को परिवार रजिस्टर की नकल, ऑनलाइन आवेदन और अन्य जरूरी कार्यों के लिए भटकना पड़ रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि पंचायत सहायकों की अनुपस्थिति के बावजूद उपस्थिति दर्ज होने से विभागीय निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। ग्रामीणों ने उच्चाधिकारियों से मौके पर जांच कर वास्तविक उपस्थिति का सत्यापन कराने की मांग की है। जांच पड़ताल में अगर आरोप सत्य पाया जाता है तो, हिंगुतरगढ़ और किशुनपुरा गांव के पंचायत सहायकों पर गाज गिर सकती है। यही नहीं ऐसे और भी ग्राम पंचायते है जहाँ पंचायत सहायकों की घोर हीलाहवाली जारी है।

सकलडीहा में 22 पंचायत सहायकों पर कार्रवाई

चन्दौली। जिले के सकलडीहा विकास खंड के एडीओ पंचायत ने सोमवार को 22 पंचायत सहायकों के खिलाफ कार्रवाई की है। उन्होंने सकलडीहा कोतवाली पुलिस को इन पर एफआईआर दर्ज कर जांच करने और स्पष्टीकरण नोटिस जारी करने को कहा है। इस कार्रवाई से पंचायत सहायकों और सरकारी महकमे में हड़कंप मच गया है। एडीओ पंचायत बजरंगी पाण्डेय ने बताया कि सकलडीहा विकास खंड में कुल 101 पंचायत सहायक तैनात हैं। इनमें से अधिकतर पंचायत सहायक ग्राम सचिवालय पर मौजूद नहीं रहते हैं। इसकी कई बार जांच की गई और नोटिस भी दी गई। जांच में चौंकाने वाले मामले सामने आए, जिसमें पता चला कि ये पंचायत सहायक अलग-अलग शिक्षण संस्थानों में पढ़ाई कर रहे हैं। एडीओ पंचायत ने कहा कि एक तरफ ये लोग शासन से मानदेय के रूप में पैसा ले रहे हैं। दूसरी ओर, वे सरकारी काम करने के बजाय अपने निजी हितों में लगे हैं। ऐसे 22 लोगों की पहचान की गई है, जिनमें 13 महिलाएं और 9 पुरुष शामिल हैं। इन पंचायत सहायकों में कुछ पढ़ाई कर रहे हैं तो कुछ निजी कंपनियों में नौकरी कर रहे हैं। इन सभी को स्पष्टीकरण नोटिस जारी किया गया है। साथ ही, सकलडीहा कोतवाली पुलिस को इनके खिलाफ धोखाधड़ी सहित अलग-अलग धाराओं में मुकदमा दर्ज करने के लिए पत्र भेजा गया है।