विधायक सुशील सिंह ने किया शिलान्यास, विद्यार्थियों को मिलेंगी बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं

image
पूजा पाठ करते विधायक सुशील सिंह सहित अन्य

बीकॉम-एमकॉम समेत विज्ञान व संगीत की कक्षाओं को मिलेगा नया भवन, 8.40 करोड़ का शिलान्यास


धानापुर। शहीद हीरा सिंह राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, धानापुर में विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में बुधवार को एक महत्वपूर्ण पहल की गई। सैयदराजा विधायक सुशील सिंह ने 8.40 करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित भवन निर्माण कार्य का विधिवत पूजा पाठ के साथ शिलान्यास किया। प्रस्तावित भवन में वाणिज्य संकाय के अंतर्गत स्नातक स्तर की बी.कॉम. एवं स्नातकोत्तर स्तर की एम.कॉम. कक्षाओं के साथ ही कला संकाय के स्नातक स्तर पर विज्ञान एवं संगीत विभाग की कक्षाओं के लिए आवश्यक भवन एवं शैक्षणिक सुविधाओं का विकास किया जाएगा। भवन निर्माण पूरा होने के बाद विद्यार्थियों को अध्ययन के लिए बेहतर और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध हो सकेगा। शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान विधायक सुशील सिंह ने कहा कि क्षेत्र के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए बेहतर संसाधन उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि धानापुर में शिक्षा और विकास से जुड़े कार्यों को लगातार गति देने का प्रयास किया जा रहा है। युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए शैक्षणिक संस्थानों को आवश्यक सुविधाओं से सुसज्जित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय में नए भवन का निर्माण क्षेत्र के शैक्षिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इससे विद्यार्थियों को सुविधाएं मिलने के साथ उच्च शिक्षा के प्रति भी सकारात्मक वातावरण तैयार होगा। महाविद्यालय परिवार और क्षेत्रीय लोगों ने भवन निर्माण की इस पहल को विद्यार्थियों के लिए उपयोगी कदम बताया। इस दौरान ब्लॉक प्रमुख अजय सिंह, प्राचार्य प्रो डॉ ध्रुव भूषण सिंह, डॉ. नौशाद अहमद, नंदलाल, दिनेश सहित अन्य उपस्थित रहे।