मचा हड़कंप

बक्सर बिहार से वाराणसी में भर्ती पिता को देखने जा रहा था पीड़ित

 हिंगुतरगढ़ बनवां के पास हुई घटना, पर पुलिस कर रही है लूट से इंकार

धानापुर। थाना क्षेत्र के हिंगुतरगढ़ गांव स्थित बनवां में शनिवार की देर रात बाइक सवार लुटेरों ने बिहार प्रांत निवासी एक युवक की मोबाइल छीन ली। उसके बाइक की चाभी भी निकालने का प्रयास किये, किन्तु भुक्तभोगी ने गाड़ी गिरा दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस जांच पड़ताल में जुट गई है। पीड़ित युवक के 80 वर्षीय पिता सिपाही सिंह वाराणसी स्थित एक अस्पताल में भर्ती हैं। जिन्हें देखने के लिए वह जा रहा था। बिहार प्रदेश के बक्सर जिला अंतर्गत इटाडीह थाना क्षेत्र के महेला गांव निवासी 46 वर्षीय सत्येन्द्र सिंह अपने पल्सर बी आर 44 एक्स 1149 से बीएचयू वाराणसी के पास स्थित अमित केयर हास्पिटल में अपने पिता को देखने जा रहे थे। इसी बीच हिंगुतरगढ़ बनवां के समीप एक बाइक पर सवार दो युवकों के लिफ्ट मांगने पर उनके रुकते ही एक सपेलेंडर बाइक पर सवार दो बदमाशों ने उनकी वीवो मोबाइल छीन लिया, और उनके बाइक की चाभी भी निकालने लगे। बदमाशों की मंशा को भांपकर भुक्त भोगी ने अपनी बाइक को जमीन पर गिरा दिया और जोर जोर से शोर मचाने लगा। उस वक्त वह खुद भी शराब पिये हुए था। उधर पास की छत पर सोये युवक उसके शोर मचाने पर नीचे आ गए। तब तक बाइक सवार बदमाश हिंगुतरगढ़ गांव की तरफ भाग निकले। गांव के युवकों ने डायल 112 पुलिस को सूचना दिया और घटनाक से अवगत कराया। 112 एवं स्थानीय पुलिस मौके पर आ गई और पूछताछ तथा जांच पड़ताल करने में जुट गई। प्रभारी निरीक्षक सूर्य प्रकाश मिश्रा ने बताया कि जो व्यक्ति खुद के साथ लूट की घटना बता रहा है। दरअसल उसकी मोबाइल कही गिर गई है। क्योंकि वह नशे में इतना ज्यादा धुत था कि वह अपनी बाइक तक को भी सम्हाल नहीं पा रहा था। ऐसे में एहतियातन उसे थाने में सुरक्षित बैठा दिया गया है। जब वह बाइक चालने की स्थिति में होगा तो उसे उसके गंतव्य को भेज दिया जाएगा।