धानापुर। सरकारी विभागों की कथित लापरवाही और अनियमितताओं को लेकर जिला पंचायत सदस्य अंजनी सिंह ने जिला प्रशासन पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने जिलाधिकारी से जिले के विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली का गंभीरता से संज्ञान लेते हुए आम जनता की समस्याओं का तत्काल समाधान कराने की मांग की। अंजनी सिंह ने कहा कि गरीब, किसान, युवा और आम नागरिक अपनी छोटी-छोटी समस्याओं के समाधान के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने को मजबूर हैं। स्वास्थ्य, राशन, पेंशन, किसान सम्मान निधि, जमीन की पैमाइश, खतौनी संशोधन सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं में कथित भ्रष्टाचार और अनियमितताओं की शिकायतें सामने आ रही हैं। उन्होंने अधिकारियों से जनता के प्रति संवेदनशीलता, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा के साथ कार्य करने की अपील की। उन्होंने कहा कि अधिकारियों को नेताओं का ‘चंगू-मंगू’ बनकर काम करने के बजाय कानून और जनहित के अनुसार अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए। जिला प्रशासन को प्रत्येक विभाग की कार्यप्रणाली की समीक्षा कर लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों पर कार्रवाई करनी चाहिए। अंजनी सिंह ने खड़ान गांव निवासी मुन्ना पासवान के परिवार का मामला उठाते हुए बताया कि मुन्ना पासवान, उनकी पत्नी और दो बच्चे आर्थिक रूप से बेहद कमजोर हैं। इसके बावजूद राशन कार्ड में मुन्ना पासवान समेत उनके पूरे परिवार को मृत घोषित किए जाने का मामला सामने आया है। उन्होंने इसे गरीब परिवार के साथ गंभीर अन्याय बताते हुए तत्काल जांच की मांग की। उन्होंने जिला प्रशासन से मांग की कि मुन्ना पासवान और उनके परिवार के सदस्यों के राशन कार्ड में दर्ज गलत विवरण को तत्काल दुरुस्त कराया जाए और परिवार को निर्बाध रूप से खाद्यान्न उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि पीड़ित परिवार की समस्या का शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो ऐसे सभी पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए तहसील सकलडीहा का घेराव करने को बाध्य होंगे। इसकी पूरी जिम्मेदारी तहसील एवं जिला प्रशासन की होगी।