10 हजार बहनों ने सुशील सिंह को बांधा रक्षा सूत्र, सुरक्षा का लिया संकल्प

रक्षाबंधन पर भव्य सम्मान समारोह, मंत्री दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ व सांसद दर्शना सिंह ने महिलाओं के सम्मान को बताया समाज की ताकत

धानापुर। कस्बा स्थित अमरवीर इंटर कॉलेज के खेल मैदान में रविवार को रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर बहनों के सम्मान में भव्य समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश सरकार के आयुष मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ और विशिष्ट अतिथि राज्यसभा सांसद दर्शना सिंह रहीं। सैयदराजा विधायक सुशील सिंह द्वारा आयोजित समारोह में आशा, आंगनबाड़ी, एएनएम और स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी 10 हजार से अधिक महिलाएं शामिल हुईं। समारोह में महिलाओं ने सैयदराजा विधायक सुशील सिंह को रक्षा सूत्र बांधा। विधायक ने सभी बहनों को उपहार भेंट करते हुए उनकी सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों की रक्षा का संकल्प लिया। मैदान में बड़ी संख्या में महिलाओं की मौजूदगी से पूरा परिसर उत्सव के माहौल में नजर आया।

रक्षा सूत्र की लाज बचाने में सुशील सिंह कोई कसर नहीं छोड़ेंगे : दयाशंकर मिश्र ‘दयालु

मुख्य अतिथि आयुष मंत्री दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ ने कहा कि दुनिया में शायद ही कोई दूसरा देश है, जहां धरती को मां का दर्जा देकर उसकी पूजा की जाती हो। भारत में मातृशक्ति की पूजा नवरात्रि के रूप में होती है। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में महिलाओं को हमेशा सम्मान और शक्ति का प्रतीक माना गया है। उन्होंने रक्षाबंधन के महत्व का उल्लेख करते हुए कहा कि रक्षा सूत्र केवल एक धागा नहीं, बल्कि बहन की रक्षा और सम्मान का संकल्प है। रक्षा सूत्र की लाज बचाने के लिए आपका सुशील सिंह कोई कसर नहीं छोड़ेगा। उन्होंने पौराणिक प्रसंगों का उल्लेख करते हुए कहा कि भगवान श्रीकृष्ण और द्रौपदी के प्रसंग से लेकर राजा बलि और भगवान विष्णु से जुड़े प्रसंगों तक पुराणों में रक्षा सूत्र के महत्व का वर्णन मिलता है। यह परंपरा भारतीय संस्कृति में भाई-बहन के विश्वास और सुरक्षा के संकल्प को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने महिलाओं के सम्मान और सुविधा को लेकर बड़े स्तर पर काम किया है। उज्ज्वला योजना के माध्यम से करोड़ों महिलाओं को गैस कनेक्शन दिए गए, देश में करोड़ों शौचालयों का निर्माण कराया गया और स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत करने का प्रयास किया गया। उन्होंने कहा कि आज महिलाएं केवल घर तक सीमित नहीं हैं, बल्कि देश के हर क्षेत्र में अपनी क्षमता साबित कर रही हैं। सचिवालय से लेकर विज्ञान और अंतरिक्ष तक महिलाओं की भागीदारी है। कल्पना चावला ने अंतरिक्ष में भारत का नाम रोशन किया तो आज महिलाएं लड़ाकू विमान तक उड़ा रही हैं। यह बदलते भारत में नारी शक्ति की बढ़ती भूमिका का प्रमाण है।

image
उपस्थित महिलाओं का हुजूम 

महिलाओं को सम्मान और अधिकार दिलाना सरकार की प्राथमिकता : दर्शना सिंह

राज्यसभा सांसद दर्शना सिंह ने कहा कि महिलाओं की भागीदारी के बिना समाज और राष्ट्र का विकास संभव नहीं है। आज महिलाएं शिक्षा, स्वास्थ्य, राजनीति, प्रशासन, स्वरोजगार और सुरक्षा समेत हर क्षेत्र में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिला है। सरकार की योजनाओं का लाभ सीधे महिलाओं तक पहुंचने से उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है। उन्होंने कहा कि महिलाओं का सम्मान केवल किसी एक दिन तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि उनके अधिकारों, सुरक्षा और स्वाभिमान की रक्षा समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।

आपका आशीर्वाद मेरी ताकत : सुशील सिंह

समारोह को संबोधित करते हुए विधायक सुशील सिंह ने कहा कि आप सभी इतनी बड़ी संख्या में मुझे आशीर्वाद देने आई हैं, इससे मेरी ताकत और जिम्मेदारी दोनों बढ़ी हैं। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन के इस पवित्र अवसर पर बहनों से रक्षा सूत्र बंधवाना उनके लिए सम्मान की बात है। उन्होंने सभी बहनों की सुरक्षा, सम्मान और हर सुख-दुख में उनके साथ खड़े रहने का संकल्प दोहराया। विधायक ने केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार द्वारा महिलाओं के राजनीतिक सशक्तीकरण के लिए किए जा रहे प्रयासों का उल्लेख करते हुए कहा कि महिला आरक्षण के माध्यम से राजनीति में महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। उन्होंने कहा कि आज महिलाएं समाज के हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं और उन्हें बराबरी का अवसर मिलना जरूरी है। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। अमरवीर इंटर कॉलेज का खेल मैदान हजारों महिलाओं की मौजूदगी से खचाखच भरा रहा। समारोह में भाजपा के जिला महामंत्री सुजीत सुजीत जायसवाल, सुशील सिंह जनौली, ब्लॉक प्रमुख अजय सिंह महेंद्र सिंह, अवधेश सिंह, कमलाकांत मिश्रा, नंद कुमार पांडे, आचार्य रमेश द्विवेदी, रमेश यादव बबलू, विनयराज पांडे, आभा जायसवाल, अनामिका मिश्रा, विमल सिंह दादा, आलोक सिंह, अनुराग सिंह अन्नू, अभय सिंह अंशु सहित अन्य भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और क्षेत्र के गणमान्य लोगों के साथ साथ बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

image
अंगवस्त्र व स्मृति चिन्ह देकर अतिथियों का स्वागत करते सैयदराजा विधायक सुशील सिंह