रामकथा में फुलवारी, धनुष भंजन और राम विवाह का भव्य प्रसंग सुन श्रद्धालु हुए मंत्रमुग्ध

धानापुर में कथा श्रवण को हजारों की संख्या में जुटे भक्त, भंडारे का भी हुआ आयोजन

धानापुर। दीपक सिंह

प्राचीन विजय दशमी पोखरा परिसर में चल रही पांच दिवसीय श्रीराम कथा के अंतिम दिन शनिवार को अंतर्राष्ट्रीय कथावाचक राजन जी महाराज ने फुलवारी प्रसंग, धनुष भंजन और सीता-राम विवाह का अत्यंत मनोहारी वर्णन किया। कथा सुनने के लिए हजारों की संख्या में भक्तजन उपस्थित रहे। राजन जी महाराज ने कहा कि जब श्रीराम जनक की पुष्प वाटिका में पुष्प लेने गए, तभी सीता जी भी अपनी सखियों के साथ गिरिजा पूजन के लिए वहां पहुंचीं। पहली बार राम और सीता का मिलन हुआ। प्रेम की वह दिव्य अनुभूति का राजन जी ने इतना भावपूर्ण वर्णन किया कि पूरा पंडाल जय सिया राम के जयकारों से गूंज उठा। इसके बाद धनुष भंजन के प्रसंग में महाराज जी ने बताया कि जनक जी की प्रतिज्ञा थी कि जो शिव धनुष को तोड़ेगा, वही सीता का वर बनेगा। बड़े-बड़े राजा-महाराजा असफल रहे। तब गुरु विश्वामित्र के आदेश पर श्रीराम ने सहज ही धनुष को उठाकर तोड़ दिया। इस प्रसंग पर श्रोता झूम उठे। अंत में राम विवाह के प्रसंग में पूरे मंडप को दूल्हे की तरह सजाया गया। शहनाई और मंगल गीतों के बीच श्रीराम और माता सीता के विवाह का दृश्य जीवंत हो उठा। आयोजक उदय नाथ फाउंडेशन के मुख्य कार्यकारी एवं सैयदराजा के विधायक सुशील सिंह एवं उनके भाई सुजीत सिंह ने बताया कि आज कथा में हजारों भक्तों के लिए भंडारा प्रसाद की व्यवस्था की गई थी। कथा के अंतिम दिन भक्तों का भारी रेला उमड़ पड़ा। हर कोई प्रख्यात कथा वाचक राजन जी महाराज के श्री मुख से मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्री राम की कथा सुनने को बेताब दिखा। कथा मंडप में अनुशासित भीड़ ने सनातन धर्म की एकता व अखंडता की छाप छोड़ने का काम किया। कथा का रसपान करने वालों में ब्लॉक प्रमुख अजय सिंह, भाजपा जिला उपाध्यक्ष सुशील सिंह जनौली, महेंद्र सिंह, डीवीएम संयोजक पंडित गोविंद उपाध्याय, अजीत पांडेय, चंद्रभान मौर्य, मृत्युंजय सिंह दीपू, राजेश तिवारी, अंजनी सिंह, प्रदीप सिंह, अरविंद निषाद, आनंद सिंह, गगन सिंह, बब्बू सिंह, अवध बिहारी सिंह आदि रहे।

image
श्रीराम कथा में भक्तों का उमड़ा जनसैलाब 

सपा सरकार के इंतजार में गुंडे, माफिया जेल में जश्न मना रहे हैं - बृजेश पाठक 
धानापुर। सूबे के डिप्टी सीएम बृजेश पाठक ने कहा कि सनातन धर्म को मजबूत करने के लिए श्रीराम कथा का इतना बड़ा आयोजन होना बहुत ही अच्छी बात है। यह देश की एकता के लिए बहुत अच्छा संदेश है। राष्ट्रीय एकता और अखंडता को बनाए रखने के लिए ऐसे धार्मिक आयोजनों का होना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि सपा सरकार के इंतजार में गुंडे, माफिया जेल में जश्न मना रहे है। यूपी में तीसरी बार भाजपा की पूरे बहुमत से सरकार बनने जा रही है। वहीं पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि इतना बड़ा आयोजन यह सिद्ध करता है कि सैयदराजा की बागडोर किसी मजबूत हाथों में है। प्रभु श्रीराम की कथा में उमड़ा यह विशाल जनसैलाब सनातन धर्म को मजबूती देने में बड़ा योगदान दे रहा है। इसके लिए विधायक सुशील सिंह का कार्य सराहनीय है।वहीं विधान परिषद सदस्य धर्मेंद्र सिंह ने कहा कि यह बड़े सौभाग्य की बात है कि इतने बड़े कार्यक्रम में प्रभु श्रीराम की कथा सुनने को मिली। जिस पर प्रभु श्रीराम की कृपा पड़ जाती है, उसकी नैया पार हो जाती है। इस अवसर पर प्रमुख रूप से निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय निषाद, मंत्री दिनेश सिंह, एमएलसी धर्मेंद्र सिंह, पूर्व सांसद हंसलाल विश्वकर्मा, वाराणसी के मेयर अशोक तिवारी सहित हजारों श्रद्धालु मौजूद रहे। कथा का आयोजन उदयनाथ सिंह फाउंडेशन से जुड़े लोगों एवं विधायक सुशील सिंह के द्वारा किया गया। कथा स्थल पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। 

धानापुर की राम कथा में दिग्गजों का जुटा जमावड़ा

धानापुर। विशेश्वर महादेव मंदिर प्रांगड़ स्थित दशमी पोखरा पर चल रही राम कथा के अंतिम दिन शनिवार को राजनीतिक सितारों का जमावड़ा लगा। प्रदेश के डिप्टी सीएम बृजेश पाठक, निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद, राज्यमंत्री दिनेश प्रताप सिंह, मंत्री संजीव गोंड़, राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा, पूर्व सांसद ब्रज भूषण शरण सिंह, भोजपुरी सुपरस्टार व एमएलसी पवन सिंह, वाराणसी नगर प्रमुख अशोक तिवारी, एमएलसी धर्मेंद्र सिंह सहित कई दिग्गज नेताओं ने कथा मंच पर पहुंचकर व्यास पीठ का आशीर्वाद लिया।

image