बरेली में 26-27 सितंबर को होगी प्रतियोगिता, जिले के खिलाड़ियों को मिलेगा प्रतिभा दिखाने का मौका

चंदौली। जिले के एथलीटों के लिए राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने का मौका है। 6वीं यूपी स्टेट अंडर-23 एथलेटिक्स चैंपियनशिप-2026 के लिए जिला स्तरीय चयन ट्रायल 15 सितंबर को महेंद्रा इंटर कॉलेज, चंदौली में आयोजित किया जाएगा। ट्रायल सुबह 8:30 बजे से शुरू होगा। चंदौली एथलेटिक्स एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय सिंह और सचिव सतीश कुमार सिंह ने बताया कि ट्रायल में शामिल होने वाले खिलाड़ियों को अपना एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (AFI) यूआईडी कार्ड अनिवार्य रूप से साथ लाना होगा। खिलाड़ियों को निर्धारित समय पर कोच विश्राम पाल के समक्ष रिपोर्ट करना होगा। उन्होंने बताया कि चयन ट्रायल में बेहतर प्रदर्शन करने वाले एथलीटों का चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया जाएगा। चयनित खिलाड़ी 26 और 27 सितंबर को बरेली में आयोजित होने वाली 6वीं यूपी स्टेट अंडर-23 एथलेटिक्स चैंपियनशिप-2026 में जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे। एसोसिएशन पदाधिकारियों ने जिले के सभी पात्र एथलीटों से निर्धारित तिथि और समय पर महेंद्रा इंटर कॉलेज पहुंचकर चयन ट्रायल में प्रतिभाग करने की अपील की है। उन्होंने खिलाड़ियों से आवश्यक दस्तावेज के साथ समय से पहुंचने को कहा है।