वाराणसी। वाराणसी परिक्षेत्र के अन्तर्गत जनपद जौनपुर, गाजीपुर एवं चन्दौली में 05 दिवसीय विशेष अभियान "ऑपरेशन वज्रपात" दिनांक 1 जून 2026 से 5 जून 2026 तक चलाया गया। जिसमें थाना स्तर अथवा आस-पास के क्षेत्रों में सक्रिय ऐसे गैंगो को चिन्हित कर उनके सदस्यों के विरूद्ध कार्यवाही की गयी जो समूह बनाकर आम नागरिकों को परेशान करते थे, मारपीट करते थे, रंगदारी वसूलते थे तथा सोशल मीडिया (फेसबुक लाइव, इंस्टाग्राम रील्स) के माध्यम से आपराधिक घटनाओं का प्रचार-प्रसार करते थे। इन गैंगों द्वारा किए जाने वाले प्रमुख अपराधों में हत्या, हत्या का प्रयास, लूटपाट, मारपीट, धमकी देना, रंगदारी वसूलना, अवैध शस्त्र रखना एवं सार्वजनिक स्थलों पर दहशत फैलाना सम्मिलित है। ये गैंग विभिन्न नामों जैसे-महाकाल गैंग, कटरा गैंग, 315 गैंग, फरसा गैंग, जानसन गैंग, सावन गैंग आदि से जाने जाते थे। इस दौरान वाराणसी परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक वैभव कृष्ण द्वारा दिनांक 31 मई 2026 को सभी तीनों जनपदों के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक / पुलिस अधीक्षक को विस्तृत निर्देश के बाद तीनों जिले की पुलिस टीम ने अभियान चलाकर कार्रवाई शुरू किया। जिसके बाद गैंग बनाकार दहशत फैलाने वालो में हड़कंप मच गया है। 

ऑपरेशन वज्रपात के तहत इन जिलों में चिन्हित गैंगों पर हुई कार्रवाई

जौनपुर जिले में 56 गैंग के 423 गैंग लीडर और उनके सदस्यों की पहचान हुई है। जिनके खिलाफ अलग अलग थानों पर कुल 10 अभियोग पंजीकृत किए गए। कार्रवाई के दौरान 8 को गिरफ्तार कर लिया गया है।

जनपद गाजीपुर में 45 गैंगों के 401 गैंग लीडर और उनके सदस्यों की पहचान हुई है। जिनके खिलाफ अलग अलग थानों में 35 अभियोग पंजीकृत किए गए है। और कार्रवाई के दौरान 11 लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है, बाकियों की तलाश तेज कर दी गई है। जिससे गैंग बनाकार दहशत फैलाने वालो में हड़कंप मच है।

जनपद चंदौली में 64 चिन्हित गैंगों के 265 गैंग लीडर और उनके सदस्यों की पहचान हुई है। जिनके खिलाफ अलग अलग थानों में 49 अभियोग पंजीकृत किए गए है। जिनपर कार्रवाई के दौरान 4 लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

अभियान की विशेष उपलब्धियां...

• तीनों जनपदों में कुल चिन्हित गैंग की संख्या-165, गैंग लीडर एवं सदस्यों की संख्या-1080 के विरूद्ध 94 अभियोग पंजीकृत कर 23 गिरफ्तारियां की गयी तथा स्थानीय गैंगों / अपराधी गुटों की विधिवत पहचान एवं दस्तावेजीकरण किया गया।

• अनेक गैंगों की विस्तृत सदस्य सूची, मोबाइल नम्बर, सोशल मीडिया आईडी एकत्र की गई।

• थाना स्तर पर पिछले 05 वर्षों के अभिलेखों की समीक्षा कर पुराने मुकदमों को गैंग गतिविधियों से जोड़ा गया।

• व्यापारियों, डॉक्टरों, अधिवक्ताओं, पत्रकारों आदि से गोष्ठियाँ आयोजित कर गैंगों की गतिविधियों की जानकारी एकत्र की गई।

• गैंग सदस्यों के विरुद्ध सामुदायिक जागरूकता बढ़ी एवं जनता का सहयोग मिला।

• 5 दिवसीय सघन अभियान से पुलिस का जमीनी नेटवर्क मजबूत हुआ एवं स्थानीय गैंगों में भय व्याप्त हुआ।

• जनपद जौनपुर, गाजीपुर एवं चन्दौली में यदि किसी भी नागरिक को ऐसे किसी भी आपराधिक गैंग अथवा मनबढ़ किस्म के व्यक्तियों की सूचना मिले तो वह पुलिस अधिकारियों के सी०यू०जी० नम्बरों, डायल 112 अथवा पुलिस सतर्क मित्र / व्हाट्स बॉट नम्बर-7839860411 पर सूचना दे सकते है. ताकि उनके विरूद्ध सख्त कार्यवाही की जा सके।