युवाओं को विकसित भारत-2047 के लक्ष्य में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान

धानापुर। शहीद हीरा सिंह राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, धानापुर, चंदौली में शुक्रवार को राष्ट्रीय सेवा योजना के तत्वावधान में नशा मुक्ति अभियान एवं विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग विषय पर संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका पर चर्चा की गई। मुख्य वक्ता महाविद्यालय के प्राध्यापक डॉ. प्रशांत मिश्रा ने कहा कि विकसित भारत-2047 के लक्ष्य को हासिल करने में युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने युवाओं से शिक्षा, नवाचार, सामाजिक जिम्मेदारी और राष्ट्र निर्माण के कार्यों में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया। महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. ध्रुव भूषण सिंह ने छात्र-छात्राओं को विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि नशा व्यक्ति के साथ-साथ परिवार और समाज को भी प्रभावित करता है। इसके दूरगामी दुष्परिणामों से बचने के लिए युवाओं को जागरूक होकर नशा मुक्ति अभियान में अपनी भूमिका निभानी चाहिए। कार्यक्रम में डॉ. प्रवेश कुमार, डॉ. संदीप कुमार यादव सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य प्रो. ध्रुव भूषण सिंह ने की, जबकि संचालन राष्ट्रीय सेवा योजना के संयोजक डॉ. लल्लन भारती ने किया।