30 सितंबर तक भुगतान नहीं हुआ तो सामूहिक भूख हड़ताल की चेतावनी
धानापुर। मनरेगा के तहत वित्तीय वर्ष 2025-26 एवं 2026-27 में कराए गए विभिन्न विकास कार्यों के सामग्री मद का भुगतान लंबित होने से ग्राम प्रधानों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। विकास खंड धानापुर के ग्राम प्रधानों ने जिलाधिकारी को पत्र भेजकर लंबित भुगतान शीघ्र कराने की मांग की है। प्रधानों ने बताया कि शासन के निर्देश पर ग्राम पंचायतों में मनरेगा के माध्यम से आंगनबाड़ी केंद्र, अन्नपूर्णा भवन, तालाब घाट, स्कूल बाउंड्रीवाल, नाली व इंटरलॉकिंग समेत विभिन्न कार्य कराए गए हैं। कार्य पूरा होने के बावजूद सामग्री मद की धनराशि अब तक प्राप्त नहीं होने से संबंधित फर्मों का भुगतान नहीं किया जा सका है। इससे फर्म संचालक लगातार बकाया राशि की मांग कर रहे हैं। प्रधान संघ अध्यक्ष राजेश सिंह ने कहा कि मनरेगा के कार्य ग्राम पंचायतों में जनहित को ध्यान में रखकर कराए गए हैं। सामग्री का भुगतान लंबित होने से प्रधानों पर अनावश्यक आर्थिक दबाव पड़ रहा है। शासन-प्रशासन को मामले का संज्ञान लेकर जल्द से जल्द भुगतान कराना चाहिए, ताकि विकास कार्य प्रभावित न हों। प्रहलादपुर के प्रधान आशुतोष सिंह ‘मिंटू’ ने कहा कि ग्राम पंचायतों में कराए गए कार्यों की सामग्री का भुगतान समय से नहीं होने के कारण प्रधानों और संबंधित फर्मों के बीच परेशानी की स्थिति बन रही है। लंबित भुगतान का शीघ्र निस्तारण होना जरूरी है। इससे पंचायतों में विकास कार्यों की निरंतरता भी बनी रहेगी। प्रधानों ने चेतावनी दी कि यदि 30 सितंबर 2026 तक सामग्री मद का बकाया भुगतान नहीं किया गया, तो विकास खंड मुख्यालय पर सामूहिक भूख हड़ताल करने के लिए मजबूर होना पड़ेगा। पत्र की प्रतिलिपि प्रदेश सरकार के संबंधित उच्चाधिकारियों को भी भेजी गई है। इस दौरान प्रधान अनीता देवी, तारा सिंह, रामजी कुशवाहा, बृजमोहन, चंचल सिंह, उमाकांत, धर्मा देवी, धनंजय पांडेय, छोटू, रविकांत यादव, पप्पू यादव, आलोक दुबे, भरत यादव, भरत गोंड, अश्विनी यादव, राजन सिंह छोटा राजन, रिंकू सिंह सहित अन्य उपस्थित रहे।