धानापुर। हर घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाने के उद्देश्य से संचालित केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी जल जीवन मिशन योजना की जमीनी हकीकत डबरिया गांव के पैगा पर सवालों के घेरे में है। ग्रामीणों ने योजना के क्रियान्वयन में भेदभाव का आरोप लगाते हुए कहा है कि एक ही गांव में कुछ परिवारों को नल से जल मिल रहा है, जबकि कई परिवार आज भी पेयजल सुविधा से वंचित हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में दो अलग-अलग बिरादरियों के बीच जलापूर्ति की व्यवस्था में पक्षपात किया गया है। कुछ घरों में पानी का कनेक्शन और आपूर्ति सुनिश्चित कर दी गई है, जबकि दूसरे परिवारों को अब तक इस बुनियादी सुविधा का लाभ नहीं मिल सका है। इसके चलते प्रभावित परिवारों को पेयजल के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। हैरानी की बात यह है कि ग्रामीण इस समस्या को लेकर कई बार जनसुनवाई पोर्टल (आईजीआरएस) पर शिकायत दर्ज करा चुके हैं। इसके बावजूद ग्रामीणों का आरोप है कि जिम्मेदार अधिकारियों की ओर से अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। शिकायतों के बाद भी समस्या जस की तस बनी हुई है, जिससे लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि जल जीवन मिशन का मूल उद्देश्य जाति, बिरादरी और वर्ग के भेदभाव से ऊपर उठकर प्रत्येक पात्र परिवार तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाना है। ऐसे में एक ही गांव में कुछ परिवारों को सुविधा मिलना और अन्य परिवारों का इससे वंचित रहना योजना के उद्देश्य पर सवाल खड़े करता है। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग के अधिकारियों से मामले की निष्पक्ष जांच कराने, जलापूर्ति व्यवस्था में कथित भेदभाव की हकीकत सामने लाने और सभी पात्र परिवारों को तत्काल पेयजल कनेक्शन एवं नियमित जलापूर्ति उपलब्ध कराने की मांग की है।