लोक निर्माण विभाग का दावा, 15 नवंबर तक आवागमन शुरू करने का है लक्ष्य

लोक निर्माण विभाग ने नदी की गहराई का माप कर निर्माण की तैयारी शुरू कर दी है

चंदौली और गाजीपुर जिले के लोगों के लिए राहत भरी खबर है। नगवां- चोचकपुर में गंगा नदी पर पीपा पुल बनाने का काम शुरू करने की तैयारियां तेज हो गई हैं। लोक निर्माण विभाग की टीम ने नदी की गहराई की माप पूरी कर ली है और पीपा पुल लगाने के लिए जलस्तर के मात्र 3 फीट और घटने का इंतजार किया जा रहा था, जो अब तय मानक के अनुरूप हो गया है, विभाग के अधिकारियों के अनुसार अगले दो-तीन दिन में पीपों को नदी में उतारकर जोड़ने का काम शुरू कर दिया जाएगा। इस पुल के निर्माण हो जाने से चंदौली और गाजीपुर के बीच की दूरी काफी कम हो जाएगी। अभी धानापुर के लोगों को गाजीपुर जाने के लिए सैदपुर या जमानिया होकर 60 से 70 किलोमीटर का लंबा चक्कर लगाना पड़ता है। जबकि पुल बनने से यह दूरी सीधे आधे घंटे में पूरी हो जाएगी। वहीं दो पहिया और चार पहिया वाहनों का सोनभद्र और चंदौली से गाजीपुर, मऊ, देवरिया, गोरखपुर आदि जिलों तक आना-जाना भी काफी सुगम हो जाएगा। इससे किसानों को न केवल अपनी साग सब्जियों को मंडी तक ले जाने में आसानी होगी, बल्कि व्यापारियों का परिवहन खर्च भी कम हो जाएगा। स्थानीय लोगों में इसे लेकर काफी उत्साह है। इस संबंध में लोक निर्माण विभाग के अवर अभियंता आर के चौहान ने बताया कि 15 नवंबर तक नगवां चोचकपुर पीपा पुल को सामान्य आवागमन के लिए चालू कर दिया जाएगा। इसके लिए सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं। पुल की मजबूती और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जाएगा और वाहनों के भार के अनुसार आवागमन की अनुमति दी जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि संपर्क मार्गों की मरम्मत का कार्य भी साथ-साथ कराया जा रहा है ताकि लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।