ग्राम पंचायत के ज्यादातर अभिलेख अंदर बंद होने से सेक्रेटरी भी हैं परेशान

जन्म मृत्यु का पंजीकरण ठप, परिवार रजिस्टर के नकल नहीं मिलने से ग्रामीणों में गुस्सा

धानापुर। इसे नियम कायदों की अनदेखी कहें या फिर कार्य के प्रति उदासीनता, कि पिछले तीन दिन से हिंगुतरगढ़ गांव में पंचायत भवन पर ताला बंद कर पंचायत सहायक गायब है। जिसे लेकर एक तरफ विभागीय कार्य में बाधा पड़ रही है। वहीं दूसरी ओर जन्म मृत्यु पंजीयन ठप है, परिवार रजिस्टर की नकल भी नहीं जारी होने से लोगों का गुस्सा सातवें आसमान पर है। ग्राम पंचायत अधिकारी दिनेश सिंह की माने तो पंचायत सहायक का बिना किसी सूचना के पंचायत भवन/ ग्राम सचिवालय में ताला बंदकर गायब रहना सरकारी काम काज मे बाधा डालने जैसा है। इसे कदापि बर्दाश्त नहीं किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि पंचायत भवन में परिवार रजिस्टर की नकल, जन्म मृत्यु का पंजीकरण आदि कार्य ठप है। अहम बात यह है कि बिना किसी सूचना के पंचायत सहायक ने मेरे (सेक्रेटरी) कार्यालय में ताला बंद कर गायब है। उसने कार्यालय की चाभी तक नहीं दी है। इस वजह से ग्राम पंचायत का सभी कार्य ठप है। सेक्रेटरी ने एडीओ पंचायत, बीडीओ सहित डीपीआरओ और डीएम का इस ओर ध्यान आकृष्ट कराते हुए पंचायत सहायक के विरुद्ध कठोर विभागीय कार्रवाई किये जाने की मांग किया है। वहीं ग्रामीणों का आरोप है कि किशुनपुरा में चार माह से पंचायत सहायक डयूटी से अनुपस्थित है। बुद्धपुर, प्रसहटा, करीं, धरांव, निदिलपुर, दीयां, धानापुर आदि अन्य गांव के पंचायत सहायक पिछले तीन दिनों से आंदोलन रत हैं। उधर ग्राम पंचायत सहायक यूनियन के जिला अध्यक्ष का कहना है कि जब तक उनकी मांगे नहीं मान ली जाएगी, उनका आंदोलन जारी रहेगा।