विदेश में रह रहे चचेरे भाई को जेल से छुड़ाने के नाम पर की गई थी ठगी, साइबर टीम की तत्परता से पीड़ित को मिली पूरी रकम

धानापुर। विदेश में रह रहे चचेरे भाई को जेल से छुड़ाने का झांसा देकर साइबर ठगों ने धानापुर कस्बा निवासी एक व्यक्ति से एक लाख रुपये ठग लिए। हालांकि, पीड़ित की शिकायत पर धानापुर पुलिस और साइबर टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ठगी की पूरी रकम वापस करा दी। नौ अक्टूबर को खाते में एक लाख रुपये वापस आने पर पीड़ित और उसके परिजनों ने पुलिस टीम के प्रति आभार जताया। जानकारी के अनुसार, धानापुर कस्बा निवासी नईमुल हक खान पुत्र स्वर्गीय हनीफ खान के पास एक अज्ञात व्यक्ति का फोन आया। फोन करने वाले ने बताया कि उनके चचेरे भाई अबुल वैश, जो दुबई में रहते हैं, को वहां की पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। चचेरे भाई को जेल से छुड़ाने का झांसा देकर जालसाज ने उन्हें अपने जाल में फंसा लिया। इसके बाद पीड़ित से एक लाख रुपये दूसरे बैंक खाते में ट्रांसफर करा लिए। ठगों ने इसके बाद एक लाख रुपये और मांगे तो पीड़ित को ठगी का एहसास हुआ। इसके बाद उन्होंने तत्काल थाना धानापुर में शिकायत दर्ज कराई और साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर भी सूचना दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए थानाध्यक्ष सूर्य प्रकाश मिश्र के नेतृत्व में पुलिस और साइबर टीम सक्रिय हो गई। टीम ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए संबंधित बैंक खाते में ठगी की रकम को फ्रीज करा दिया। इसके बाद न्यायालय से धनराशि रिलीज कराने का आदेश प्राप्त कर बैंक को आवश्यक नोटिस भेजा गया। पुलिस की इस कार्रवाई के परिणामस्वरूप पीड़ित के खाते में ठगी गई पूरी रकम वापस आ गई।

अनजान कॉल पर न करें भरोसा

चंदौली। चंदौली पुलिस ने लोगों से अपील की है कि विदेश में किसी परिजन की गिरफ्तारी, डिजिटल अरेस्ट या जेल से छुड़ाने के नाम पर आने वाली अनजान कॉल से घबराएं नहीं। किसी भी खाते में पैसे भेजने से पहले संबंधित जानकारी की पुष्टि जरूर करें। साइबर ठगी होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं या नजदीकी थाने के साइबर हेल्पडेस्क से संपर्क करें।