नशामुक्ति जागरूकता के साथ महाविद्यालय परिसर में चला स्वच्छता अभियान


धानापुर। उत्तर प्रदेश शासन के निर्देश पर संचालित सेवा संकल्प अभियान के तहत सोमवार को कस्बा स्थित शहीद हीरा सिंह राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में ‘सेवा मेरा योगदान’ के अंतर्गत नशामुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने नशे के खिलाफ आवाज बुलंद करते हुए इसके दुष्परिणामों से समाज को बचाने का संकल्प लिया। इस दौरान भाषण प्रतियोगिता के साथ महाविद्यालय परिसर में स्वच्छता अभियान भी चलाया गया। भाषण प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने नशे को युवा पीढ़ी के भविष्य के लिए गंभीर चुनौती बताते हुए इसके सामाजिक और व्यक्तिगत दुष्परिणामों पर अपने विचार रखे। विद्यार्थियों ने कहा कि नशामुक्त समाज के निर्माण में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। प्रतियोगिता में अनामिका सिंह ने प्रथम, प्रीति मौर्य ने द्वितीय तथा साइमा खान ने तृतीय स्थान हासिल किया।
प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में डॉ. प्रवेश कुमार, डॉ. रीना सिंह एवं डॉ. शिव प्रताप सिंह रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. डीबी सिंह ने की, जबकि संचालन एवं संयोजन डॉ. संदीप कुमार यादव ने किया।

image
स्वच्छता अभियान में भाग लिए विद्यार्थी 

कार्यक्रम के समापन पर विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने और अपने आसपास के लोगों को भी नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने का सामूहिक संकल्प दिलाया गया। विद्यार्थियों ने नशामुक्त जीवन अपनाने के साथ समाज में नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने की प्रतिबद्धता जताई। इसके बाद महाविद्यालय परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया गया। शिक्षकों और विद्यार्थियों ने साफ-सफाई कर स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण का संदेश दिया। कार्यक्रम में डॉ. प्रवेश कुमार सिंह, डॉ. सत्य प्रकाश, डॉ. प्रशांत मिश्र, एनएसएस प्रभारी डॉ. लल्लन भारती समेत बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने सक्रिय सहभागिता की।