धानापुर कस्बा को छोड़ सभी फीडर फेल, जल निगम के नलकूप बंद, समर्सिबल नहीं चल रहे, दुकानें बंद, पढ़ाई ठप

धानापुर। धानापुर कस्बा स्थित 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र से जुड़े सैकड़ों गांवों में पिछले लगभग 30 घंटे से बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप है। तेज आंधी-पानी और गरज के साथ हुई बारिश ने पूरे इलाके की बिजली व्यवस्था को ध्वस्त कर दिया है। उपकेंद्र के सात फीडरों में से धानापुर कस्बा फीडर को छोड़कर शेष सभी छह फीडरों पर अंधेरा पसरा हुआ है। ग्रामीण क्षेत्रों में हालात यह हैं कि शाम होते ही गांवों में घुप्प अंधेरा छा जा रहा है। विभागीय जानकारी के अनुसार आंधी के दौरान कई जगहों पर 11 हजार और एलटी लाइन के तार टूट कर खेतों में गिर गए हैं। कई स्थानों पर पेड़ गिरने से खंभे टूट गए और इंसुलेटर फट गए। फॉल्ट इतने ज्यादा हैं कि लाइनमैनों को एक-एक फीडर पर फॉल्ट ढूंढने में घंटों लग रहे हैं। बिजली गुल होने का सबसे ज्यादा असर पेयजल पर पड़ा है।- जल निगम द्वारा संचालित सभी नलकूप बंद पड़े हैं, जिससे ओवरहेड टंकियों में पानी नहीं चढ़ पा रहा है। गांवों में लगे इंडिया मार्का हैंडपंपों का जलस्तर पहले से नीचे होने से उनसे भी पानी नहीं निकल रहा है। घरों में लगे समर्सिबल पंप बंद होने से लोगों को पीने के पानी के लिए 1 से 2 किलोमीटर दूर जाना पड़ रहा है। वही महिलाएं और बच्चे सुबह से ही बर्तन लेकर हैंडपंपों और टैंकरों की तलाश में भटक रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि पानी न होने से खाना बनाना, नहाना-धोना और मवेशियों को पानी पिलाना भी मुश्किल हो गया है। लगातार बिजली बंद रहने से ग्रामीण अर्थव्यवस्था चरमरा गई है। आटा चक्की, वेल्डिंग, सैलून, मोबाइल रिपेयरिंग और फोटोस्टेट की दुकानें दो दिनों से बंद हैं। दुकानदारों में दिनभर जनरेटर का डीजल खर्च करने की क्षमता नहीं है। छात्रों की ऑनलाइन पढ़ाई और मोबाइल चार्जिंग भी ठप है। कई घरों में इन्वर्टर भी जवाब दे चुके हैं। उपभोक्ताओं का कहना है कि हर साल आंधी-पानी में यही स्थिति बनती है, लेकिन विभाग द्वारा लाइनों की मेंटेनेंस और पेड़ों की कटाई-छटाई पहले नहीं की जाती। 30 घंटे बाद भी आपूर्ति बहाल न होने से लोगों में विभाग के प्रति भारी नाराजगी है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि अगर आज शाम तक बिजली बहाल नहीं हुई तो वे उपकेंद्र पर प्रदर्शन करेंगे। इस संबंध में जेई ओम प्रकाश गौतम ने बताया कि आंधी-पानी के कारण धानापुर उपकेंद्र के सभी ग्रामीण फीडरों में कई जगह ब्रेकडाउन हुआ है। सभी टीमों को फॉल्ट सुधारने में लगाया गया है। कुछ जगहों पर तार जोड़ने और पोल बदलने का काम चल रहा है। उन्होंने दावा किया कि आज देर शाम तक धीरे-धीरे सभी फीडरों की आपूर्ति बहाल करने का प्रयास किया जा रहा है।