• विधायक सुशील सिंह ने पहलवानों का बढ़ाया उत्साह, अखाड़े की बाउंड्रीवॉल बनवाने का दिया आश्वासन

धानापुर। सोमवार को कुसुम्ही रोड स्थित शिवनाथ इंटर कॉलेज के पास जय बजरंग दंगल कमेटी की ओर से अंतरराज्यीय कुश्ती दंगल का आयोजन किया गया। इसमें चंदौली, गाजीपुर, वाराणसी, जौनपुर, मिर्जापुर, भदोही और सोनभद्र समेत विभिन्न जिलों से आए पहलवानों ने अपने दमखम और पारंपरिक दांव-पेंच का शानदार प्रदर्शन किया। दंगल में 500 रुपये से लेकर 51 हजार रुपये तक की इनामी कुश्तियां हुईं। सबसे बड़ी इनामी कुश्ती दर्शकों के आकर्षण का केंद्र रही। कार्यक्रम में सैयदराजा विधायक सुशील सिंह, ब्लॉक प्रमुख अजय सिंह, शिक्षक सभा के राष्ट्रीय सचिव हरदेव कुशवाहा और समाजवादी पार्टी पिछड़ा प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष डॉ. बीरेंद्र बिंद अतिथि के रूप में शामिल हुए। निर्णायक मुकाबला 51 हजार रुपये का हुआ, जिसमें डांडी मुगलसराय के सत्यपाल और बनारस के लालजी ने जोर आजमाइश की। वहीं 30 हजार रुपये की कुश्ती में सोनभद्र के धर्मेंद्र और करमपुर के भीम आमने-सामने रहे। इसी क्रम में 25 हजार रुपये की दो कुश्तियां हुईं। पहली में बेलवानी के मंटू और सारनाथ के सुनील तथा दूसरी में महराजपुर के शमशेर और डांडी के अंकित ने मुकाबला किया। 20 हजार रुपये की कुश्ती गजपत्ति के गोपी और लकड़ मूंगवा के पहलवान के बीच हुई। 15 हजार रुपये की कुश्ती में करमपुर के विराट और रमरेपुर के रिशु ने दमखम दिखाया। 11 हजार रुपये की कुश्ती सिकंदरपुर के उदय और नौपुरा के लालू के बीच हुई। वहीं 10 हजार रुपये की दो कुश्तियों में नौपुरा के रोहन और सिगरा के प्रमोद तथा नौपुरा के अविनाश और सिगरा के चंदन ने मुकाबला किया। इस दौरान विधायक सुशील सिंह ने पहलवानों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि कुश्ती हमारी पारंपरिक खेल संस्कृति का महत्वपूर्ण हिस्सा है। ऐसे आयोजनों से ग्रामीण क्षेत्र की प्रतिभाओं को अपनी कला और ताकत दिखाने का अवसर मिलता है। उन्होंने अखाड़े की बाउंड्रीवॉल बनवाने का आश्वासन भी दिया। ग्राम प्रधान रामजी कुशवाहा ने बताया कि धानापुर ग्राम सभा में कई वर्षों से दंगल का आयोजन किया जा रहा है। इसका उद्देश्य क्षेत्रीय और बाहरी पहलवानों को एक मंच उपलब्ध कराना है। मुकाबलों के दौरान नगाड़ों की गूंज और दर्शकों की तालियों से अखाड़े का माहौल उत्साहपूर्ण बना रहा। कार्यक्रम का संचालन रामधनी यादव ने किया। इस मौके पर जेपी रावत, प्रधान वीरेंद्र यादव, डॉ. एमके बिंद, बांके सेठ, अखिलेश कुमार, बबली खान, राजन खान, गौतम चौरसिया, महेंद्र बिंद, बाबूलाल बिंद, आजाद खान, देवेंद्र यादव, डॉ. लालजी कुशवाहा, रमेश द्विवेदी, यशवंत मौर्य, श्रीपति सिंह यादव और विनोद बिंद प्रधान समेत हजारों दर्शक मौजूद रहे।