धानापुर। थाना क्षेत्र के बिरना गांव में बुधवार की रात चोरों ने एक नए बंद मकान को निशाना बनाकर लाखों रुपये के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। चोरी की पूरी वारदात घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज में चोर असलहा लेकर घर में दाखिल होते दिखाई दे रहे हैं। घटना के बाद से गांव और आसपास के क्षेत्र में दहशत का माहौल है। बिरना गांव निवासी भानु मौर्य का नया मकान बना हुआ है। मकान की दूसरी मंजिल पर अभी निर्माण कार्य चल रहा है। परिवार के लोग रात में नए मकान को बंद कर पुराने घर में सोने चले जाते थे। बुधवार की रात भी परिवार पुराने घर में चला गया। इसी का फायदा उठाकर चोर नए मकान में घुस गए और कमरों को खंगालकर 1 लाख 60 हजार रुपये नकद, सोने की चेन, सोने की अंगूठी समेत अन्य आभूषण चुरा ले गए। गुरुवार की सुबह परिजन नए मकान में पहुंचे तो कमरों में सामान बिखरा पड़ा था। चोरी की जानकारी होते ही उनके होश उड़ गए। सूचना तत्काल पुलिस के 112 नंबर पर दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जांच शुरू कर दी। घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर चोरों की गतिविधियां सामने आईं। फुटेज में चोर असलहा लेकर घर में प्रवेश करते दिखाई दे रहे हैं, जिससे घटना की गंभीरता और बढ़ गई है।

लगातार चोरियों से पुलिस की सक्रियता पर सवाल

image


धानापुर। थाना क्षेत्र में पिछले कुछ समय से चोरी की घटनाओं का सिलसिला लगातार जारी है। कुछ दिन पूर्व धानापुर ब्लॉक मुख्यालय के समीप स्थित हनुमान मंदिर से करीब 500 ग्राम चांदी का मुकुट चोरी हो गया था। इसके बाद नरौली स्थित काली मंदिर से 20 किलो का घंटा और चांदी की आंखें चोरी होने की घटना सामने आई थी। अब बिरना में बंद मकान को निशाना बनाए जाने से ग्रामीणों में पुलिस की सक्रियता को लेकर नाराजगी बढ़ती जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार चोरी की घटनाएं होने के बावजूद कई घटनाओं का अब तक खुलासा नहीं हो सका है। इससे चोरों के हौसले बुलंद हैं। लोगों ने पुलिस से सीसीटीवी फुटेज के आधार पर असलहाधारी चोरों की पहचान कर शीघ्र गिरफ्तारी और चोरी की घटनाओं के खुलासे की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते चोरों पर अंकुश नहीं लगाया गया तो आने वाले दिनों में चोरी की घटनाएं और बढ़ सकती हैं।


वर्जन ----

सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है। चोरों की पहचान कर जल्द कार्रवाई का प्रयास किया जा रहा है। सूर्य प्रकाश मिश्रा, प्रभारी निरीक्षक थाना-धानापुर