धानापुर। थाना क्षेत्र में रविवार को आकाशीय बिजली गिरने से एक किसान की मौत हो गई। मृतक की पहचान कवलपुरा निवासी 37 वर्षीय श्याम कुमार, पुत्र स्वर्गीय तेजबहादुर के रूप में हुई है। वह बारिश के दौरान अपने खेत में काम कर रहे थे।
स्थानीय लोगों ने श्याम कुमार को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धानापुर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
यह घटना दोपहर करीब 11 बजे हुई, जब श्याम कुमार बारिश के बीच अपने खेत में सिंचाई कर रहे थे और धान की रोपाई की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान वह आकाशीय बिजली की चपेट में आ गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।मृतक श्याम कुमार अपने पीछे पत्नी कुमकुम सिंह (35 वर्ष) और दो बेटों ऋषभ सिंह (22 वर्ष) व राघवेंद्र प्रताप सिंह (20वर्ष) को छोड़ गए हैं। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। श्याम कुमार अपने दो भाइयों में छोटे थे, उनके बड़े भाई रिंकू सिंह वाराणसी में रहते हैं।
घटना की सूचना मिलते ही सैयदराजा विधायक सुशील सिंह भी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। उन्होंने मृतक के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और हर संभव मदद का आश्वासन दिया।

image
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर पहुंचे सैयदराजा विधायक सुशील सिंह