बोले—“रामकथा सुनिए, कोई परिवर्तन नहीं होने वाला, सरकार है, सरकार चलती रहेगी”, कई राज्यों के मंत्री और जनप्रतिनिधि पहुंचे

चंदौली। धानापुर के दशमी तालाब पर उदयनाथ सिंह फाउंडेशन द्वारा आयोजित लोकप्रिय कथावाचक राजन जी महाराज की श्रीराम कथा के तीसरे दिन गुरुवार को धार्मिक आयोजन में सियासी हस्तियों का जमावड़ा लगा। राष्ट्रवादी नौजवान सभा के संस्थापक एवं जौनपुर के पूर्व सांसद धनंजय सिंह, बिहार सरकार के मंत्री जमा खान, पश्चिम बंगाल सरकार के मंत्री अर्जुन सिंह, विधान परिषद सदस्य बृजेश सिंह ‘प्रिंशु’, दर्शना सिंह, साधना सिंह, विधायक रमेश जायसवाल, सूर्यमूनि तिवारी समेत कई प्रमुख नेता कथा स्थल पर पहुंचे। इस दौरान जौनपुर के पूर्व सांसद धनंजय सिंह प्रेस वार्ता के दौरान कहा कि “रामकथा सुनिए, कोई परिवर्तन नहीं होने वाला, सरकार है, सरकार चलती रहेगी।” उनके इस बयान के बाद राजनीतिक हलकों में चर्चा शुरू हो गई। हालांकि, पूर्व सांसद ने यह टिप्पणी किस संदर्भ में की, इसे लेकर उन्होंने विस्तार से कुछ नहीं बताया। ऐसे में उनके बयान के निहितार्थ स्पष्ट नहीं हो सके।

image

रामकथा में जुटीं राजनीतिक हस्तियां

श्रीराम कथा के तीसरे दिन पहुंचे अतिथियों ने राजन जी महाराज के मुखारविंद से रामकथा का श्रवण किया। इसके साथ ही दशमी तालाब परिसर का भ्रमण कर वहां की सुंदरता भी निहारी। विभिन्न राज्यों के मंत्रियों और जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी से धार्मिक आयोजन की चर्चा क्षेत्र में और तेज हो गई।

20 अक्टूबर से चल रही पांच दिवसीय कथा

धानापुर के ऐतिहासिक दशमी तालाब परिसर में उदयनाथ सिंह फाउंडेशन की ओर से 20 अक्टूबर से पांच दिवसीय श्रीराम कथा महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। अंतरराष्ट्रीय कथावाचक राजन जी महाराज प्रतिदिन दोपहर दो बजे से श्रद्धालुओं को रामकथा का रसपान करा रहे हैं। कथा में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। धार्मिक आयोजन के बीच प्रमुख राजनीतिक हस्तियों की उपस्थिति और पूर्व सांसद की टिप्पणी ने गुरुवार के कार्यक्रम को विशेष चर्चा में ला दिया।