• किताबी ज्ञान के साथ व्यावहारिक शिक्षा का मिला अनुभव, खरीदारी कर बच्चों ने बढ़ाया उत्साह

धानापुर।  बाल दिवस के अवसर पर शनिवार को क्षेत्र के हिंगुतरगढ़ स्थित एस.एस कान्वेंट स्कूल में भव्य बाल मेले का आयोजन किया गया। मेले में कक्षा छह से आठ तक के छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह और उमंग के साथ प्रतिभाग किया। बच्चों ने विभिन्न प्रकार के खाद्य पदार्थों और आकर्षक वस्तुओं के स्टॉल लगाकर अपनी रचनात्मकता, प्रतिभा और व्यावहारिक कौशल का प्रदर्शन किया। बाल मेले में बच्चों ने स्वयं स्टॉल की व्यवस्था करने से लेकर खाद्य सामग्री तैयार करने, ग्राहकों से बातचीत करने, सामान की बिक्री करने और हिसाब-किताब रखने तक की जिम्मेदारी संभाली।

इस दौरान बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला। विद्यालय के नन्हे-मुन्ने बच्चों से लेकर कक्षा पांच तक के विद्यार्थियों ने भी मेले में पहुंचकर जमकर खरीदारी की और अपने बड़े भाई-बहनों का उत्साह बढ़ाया। अभिभावकों और शिक्षकों ने भी बच्चों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के पूर्व प्रधानाचार्य कुमार संजय यादव एवं उनकी पत्नी मनीषा यादव ने किया। इस अवसर पर प्रधानाध्यापिका नीतू सिंह ने बच्चों की मेहनत, लगन और प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल परीक्षा में अच्छे अंक हासिल करना नहीं है, बल्कि बच्चों को जीवन की चुनौतियों का सामना करने के योग्य बनाना भी है। किताबी ज्ञान के साथ व्यावहारिक शिक्षा मिलने से बच्चों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, सहयोग की भावना और आत्मनिर्भरता का विकास होता है। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन बच्चों को वास्तविक जीवन का अनुभव प्रदान करते हैं। इससे उनमें निर्णय लेने, संवाद करने और आर्थिक लेन-देन की समझ विकसित होती है। बाल मेले में बच्चों के चेहरों पर दिखी खुशी और आत्मविश्वास ने आयोजन की सफलता को दर्शाया। विद्यालय परिवार की ओर से डायरेक्टर कुमार गौरव सिंह ने सभी प्रतिभागी छात्र-छात्राओं, अभिभावकों, शिक्षकों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि बच्चों की प्रतिभा को निखारने और उनके सपनों को नई उड़ान देने के लिए पढ़ाई के साथ-साथ ऐसे रचनात्मक आयोजन भी बेहद जरूरी हैं।