• समाजवादी था, समाजवादी हूं और समाजवादी ही रहूंगा - मनोज सिंह डब्लू

• अभी कथा को सफ़ल बनाने में लगा लूं, कथा सभी को करानी चाहिए। - मनोज सिंह डब्लू

चंदौली। प्रभात सिंह

जिले में इन दिनों सियासी गलियारों में यह खबर तेजी से चल रही है कि सैयदराजा के पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू बसपा में शामिल हो सकते हैं। बताया जा रहा है कि यह पूरा मामला एक बैनर के रंग को लेकर शुरू हुआ है। इस पर अब खुद मनोज सिंह डब्लू ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है और इसे विरोधियों की साजिश करार दिया है। बेधड़क न्यूज 24 के साथ खास बातचीत के दौरान मनोज सिंह डब्लू ने कहा कि यह खबर बिल्कुल भ्रामक है और विरोधियों में फैली हुई हताशा जनित कुत्सित प्रयास है। भाजपा द्वारा AI का प्रयोग है। उन्होंने कहा कि अभी भागवत कथा को सफ़ल बनाने में व्यस्त हूं। बाकी जनता का असीम प्यार और समाजवादियों की हुंकार से विरोधियों में खलबली मची हुई है। वे बौखलाए हुए हैं। उन्होंने तीखे अंदाज में कहा, "उन्हें मेरी सर की टोपी का रंग नहीं, बैनर का रंग दिखाई दे रहा है।" डब्लू ने साफ किया कि वे पूरी तरह से समाजवादी विचारधारा के साथ हैं और सैयदराजा की जनता के साथ खड़े हैं। पूर्व विधायक ने जनता से अपील करते हुए कहा कि चुनाव नजदीक है, ऐसे में भ्रामक खबरों से बचिए। सैयदराजा की जनता बदलाव करने के लिए कमर कस चुकी है। विरोधी अलग-अलग पैंतरे आजमाकर चुनाव से पहले ही थक जाएंगे। गौरतलब है कि सैयदराजा विधानसभा चंदौली की सबसे चर्चित सीटों में से एक है। चुनाव नजदीक आते ही दल-बदल की अटकलें तेज हो जाती हैं। मनोज सिंह डब्लू के बसपा में जाने की चर्चा भी इसी कड़ी में देखी जा रही थी, जिस पर अब उन्होंने खुद विराम लगा दिया है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि मनोज सिंह डब्लू के इस बयान के बाद अटकलों पर कुछ समय के लिए रोक लगेगी, लेकिन सैयदराजा की सियासत में आने वाले दिनों में और भी कई नए मोड़ देखने को मिल सकते हैं।