चंदौली। अघोराचार्य बाबा कीनाराम जी के 427वें जन्मोत्सव समारोह के तीसरे दिन शनिवार को सैयदराजा विधायक सुशील सिंह ने बाबा कीनाराम की जन्मस्थली रामगढ़ स्थित मठ पहुंचकर दर्शन-पूजन किया। उन्होंने बाबा के चरणों में माथा टेककर पुष्पमाला अर्पित की और हवन-पूजन में शामिल होकर आशीर्वाद लिया। समारोह को संबोधित करते हुए विधायक सुशील सिंह ने कहा कि बाबा कीनाराम जी की महिमा अपार है। उन्होंने बेहतर समाज की स्थापना के लिए अवतार लिया था। बाबा के दर्शन और आशीर्वाद से श्रद्धालुओं की मनोकामनाएं पूरी होती हैं। उन्होंने कहा कि जब वह पहली बार चंदौली आए थे, तभी से बाबा कीनाराम जी के प्रति उनकी आस्था जुड़ी हुई है। रामगढ़ की धरती के कण-कण में बाबा की आस्था समाई हुई है। विधायक ने कहा कि बाबा कीनाराम जन्मस्थली के विकास में बाबा गौतम राम जी का भी महत्वपूर्ण योगदान है। कार्यक्रम स्थल पर बने सभागार के निर्माण में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सरकार का योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में विकास कार्य लगातार जारी हैं। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में विकास की गति आगे भी जारी रहेगी। विपक्ष पर निशाना साधते हुए विधायक ने कहा कि सरकार विकास और जनहित के कार्यों को प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने समारोह में मौजूद लोगों को सम्मान का पात्र बताते हुए आश्वासन दिया कि अगले वर्ष बाबा कीनाराम जी की जन्मस्थली पर विशाल प्रतिमा का निर्माण कराया जाएगा।
समारोह में धानापुर ब्लॉक प्रमुख अजय सिंह, सूर्यनाथ सिंह, जिला पंचायत सदस्य बबलू सिंह, संदीप सिंह फौजी, प्रेम पाठक, कुलदीप वर्मा, राजेश सिंह, आशुतोष सिंह मिंटू, अशोक सिंह, अरुण सिंह, प्रदीप यादव व दिनेश सोनकर सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन धनंजय सिंह और राजेंद्र पांडे ने किया।