चहनियां। बाबा कीनाराम के 427वें जन्मोत्सव समारोह को लेकर बुधवार की शाम जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक चंदौली ने जिलेभर के विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बाबा कीनाराम मठ रामगढ़ पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया। मठ परिसर स्थित मल्टीनेशनल हॉल में अधिकारियों के साथ ब्रीफिंग कर चिकित्सा, यातायात, बिजली, पेयजल, शौचालय, साफ-सफाई व सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। अधिकारियों को हिदायत दी गई कि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो और जगह-जगह पर्याप्त पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। इसके बाद मठ प्रबंधक मेजर अशोक सिंह ने अधिकारियों को विभिन्न स्थानों पर ले जाकर तैयारियों की जानकारी दी। जिलाधिकारी ने तपासन गद्दी एवं बाबा कीनाराम जी की प्रतिमा पर पूजा-अर्चन भी किया। इस दौरान जिले के तमाम अधिकारी एवं पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।