बाबा कीनाराम धाम में जन्मोत्सव के दूसरे दिन उमड़ा भक्तों का जनसैलाब, बाबा कीनाराम के जयघोष से गूंजा रामगढ़
11 Sep 2026, 08:28 PM
महाकापालिक योगिराज अघोरेश्वर बाबा कीनाराम जी की जन्मस्थली एवं तपस्थली रामगढ़ में चल रहे 427वें तीन दिवसीय जन्मोत्सव समारोह के दूसरे दिन शुक्रवार को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही बाबा कीनाराम के दर्शन-पूजन के लिए भक्तों की कतार लगी रही।
बाबा कीनाराम मठ परिसर में सोहर गीत प्रस्तुत करती लालजी सिंह गर्ल्स इंटर कॉलेज रामगढ़ की छात्राएं।
बेधड़क News 24
दिन दर्शन-पूजन के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रही धूम, रात तक चलता रहा श्रद्धालुओं का रेला
बेधड़क न्यूज 24 संवाददाता, प्रभुनाथ पांडेय
चहनियां। महाकापालिक योगिराज अघोरेश्वर बाबा कीनाराम जी की जन्मस्थली एवं तपस्थली रामगढ़ में चल रहे 427वें तीन दिवसीय जन्मोत्सव समारोह के दूसरे दिन शुक्रवार को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही बाबा कीनाराम के दर्शन-पूजन के लिए भक्तों की कतार लगी रही। पूरे मठ परिसर और करीब पांच किलोमीटर के आसपास का क्षेत्र बाबा कीनाराम की भक्ति में सराबोर नजर आया। चारों ओर ‘हर-हर महादेव’ और ‘बाबा कीनाराम जी की जय’ के जयघोष गूंजते रहे। सुबह आठ बजे से मोहनभोग प्रसाद का वितरण शुरू हुआ, जो दोपहर करीब एक बजे तक चला। इसके बाद अन्नपूर्णा भवन में श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद स्वरूप भोजन की व्यवस्था की गई। शाम तीन बजे पुनः मोहनभोग का वितरण शुरू हुआ, जो रात करीब नौ बजे तक चला। श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर बाबा के दरबार में मत्था टेक अपनी मनोकामनाएं मांगी।कार्यक्रम के दौरान मुख्य रूप से प्रभुनारायण सिंह लल्ला, अखिलेश अग्रहरी, आशुतोष सिंह कैलाशी, कार्यक्रम संयोजक अरुण सिंह, व्यवस्थापक मेजर अशोक सिंह, हेमराज सिंह, संतोष सिंह, कौशल दूबे, समित सिंह, तेजबल सिंह, अरुण यादव, उमेश कुशवाहा, ऋषिकेश यादव , इंद्रेश कुमार, रूबी सिंह, धनंजय सिंह उर्फ धनजी, दीना सिंह दादा, कुलदीप वर्मा, मिथिलेश सिंह, संतोष पटेल, अनिल पांडेय, बुज्जा पांडेय, दिनेश सोनकर, नंदू गुप्ता, संदीप पाटिल सहित अन्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन धनञ्जय सिंह, राजेंद्र पाण्डेय, रितेश पाण्डेय ने सयुक्त रूप से किया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां !
चहनियाँ। जन्मोत्सव के दूसरे दिन प्रभात बेला में आरती के बाद सुबह 9 से 11 बजे तक रामायण पाठ हुआ। इसके बाद 11 बजे से शाम 4 बजे तक मां खंडवारी देवी इंटर कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। सुरेश सरगम, सीमा यादव, निवास केसरी, रिंकी सिंह, कुंवर मिलन प्रताप सिंह और विक्की तिवारी सहित कलाकारों ने भोजपुरी गीतों एवं भजनों की प्रस्तुतियों से समां बांध दिया।शाम 4 बजे से 6 बजे तक संगोष्ठी का आयोजन हुआ। शाम को हजारों श्रद्धालुओं के संग डोल नगाड़ो के साथ आरती तथा रात 10 बजे बाबा कीनाराम खेल मैदान में कव्वाली कार्यक्रम में राकेश यादव, वसीम बारसी और नाज बारसी ने अपनी प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को देर रात तक बांधे रखा।
संगोष्ठी में बाबा कीनाराम के जीवन पर चर्चा !
चहनियां। संगोष्ठी में विकास सिंह, देवब्रत चौबे, डॉ. सुबेदार सिंह और अशोक पांडेय ने बाबा कीनाराम के जीवन, साधना और अघोर परंपरा में उनके योगदान पर प्रकाश डाला। वक्ताओं ने बाबा के जन्म, वैराग्य, साधना, गिरनार यात्रा और अघोर परंपरा से जुड़े विभिन्न प्रसंगों का उल्लेख करते हुए उनकी आध्यात्मिक महिमा पर चर्चा की। वक्ताओं ने कहा कि बाबा कीनाराम की साधना और शिक्षाओं का प्रभाव आज भी देश-विदेश में श्रद्धालुओं के बीच दिखाई देता है।
24 घंटे चिकित्सा सेवा रही उपलब्ध !
चहनियां। मेले में स्वास्थ्य विभाग की ओर से 24 घंटे चिकित्सकीय सेवा उपलब्ध रही। प्रभारी चिकित्साधिकारी चहनियां संदीप के नेतृत्व में चिकित्सकीय टीम ने श्रद्धालुओं, कर्मचारियों और अधिकारियों को आवश्यक उपचार एवं दवाएं उपलब्ध कराईं। चिकित्सकों ने लोगों से उबला हुआ पानी पीने, खान-पान में सावधानी बरतने तथा खुले में सोने से बचने की अपील की।
प्रेस कार्ड की व्यवस्था पर पत्रकारों ने उठाए सवाल !चहनिया। जन्मोत्सव के दौरान पत्रकारों के आवागमन को लेकर भी असुविधा की शिकायत सामने आई। पत्रकारों के अनुसार मठ प्रशासन द्वारा जारी सुविधा कार्ड कई बैरियर प्वाइंट पर प्रभावी नहीं रहा, जिससे समाचार कवरेज के दौरान उन्हें रोक-टोक का सामना करना पड़ा। पत्रकारों का कहना है कि कई स्थानों पर पुलिसकर्मियों से नोकझोंक की स्थिति बनी, हालांकि पत्रकारों ने अपनी गरिमा और पत्रकारिता की मर्यादा को देखते हुए विवाद से बचना उचित समझा। पत्रकारों ने सवाल उठाया कि यदि प्रेस कार्ड जारी किए गए थे तो सभी बैरियर प्वाइंट पर उनकी जानकारी और मान्यता सुनिश्चित क्यों नहीं की गई। मामले में बलुआ पुलिस की व्यवस्था और मठ प्रबंधन के बीच समन्वय को लेकर भी सवाल उठे। कुछ पत्रकारों ने असुविधा को देखते हुए मठ परिसर के बाहर से कवरेज करने का निर्णय लिया।
समर सिंह के कार्यक्रम में उमड़ी भीड़, सुरक्षा व्यवस्था पर भी उठे सवाल !
चहनियां। जन्मोत्सव के पहले दिन 10 सितंबर की रात भोजपुरी गायक एवं अभिनेता समर सिंह के कार्यक्रम में बारिश के बावजूद भारी भीड़ उमड़ी। देर रात तक बड़ी संख्या में प्रशंसक कार्यक्रम में डटे रहे। भीड़ के कारण कई लोग अपने परिजनों और साथियों को तलाशते नजर आए। कार्यक्रम के दौरान समर सिंह के एक साथी के साथ मारपीट की घटना सामने आने से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठे। स्थानीय लोगों और कलाकार के शुभचिंतकों ने घटना पर खेद जताया। कार्यक्रम के दौरान कुछ पुलिसकर्मियों के कलाकार के साथ सेल्फी लेने को लेकर भी लोगों ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए।
वॉलेंटियर कार्ड भी चर्चा में !
चहनियां। मठ प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा और व्यवस्था में सहयोग के लिए बड़ी संख्या में वॉलेंटियर कार्ड जारी किए गए थे। हालांकि, कुछ श्रद्धालुओं और लोगों का कहना है कि कुछ कार्डधारक व्यवस्था में सहयोग करने के बजाय अपने आवागमन और सुविधा के लिए कार्ड का इस्तेमाल करते नजर आए। श्रद्धालुओं ने वॉलेंटियर व्यवस्था में स्पष्ट जिम्मेदारी और बेहतर समन्वय की आवश्यकता जताई।
बैरियर व्यवस्था से नजदीकी लोग परेशान, आवागमन को लेकर उठे सवाल !
चहनियां। बाबा कीनाराम जन्मोत्सव में श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए लगाए गए बैरियरों को लेकर रामगढ़ और आसपास के ग्रामीणों ने आवागमन में परेशानी की बात कही है। ग्रामीणों के अनुसार उनके खेत रईया, बैरांठ, बरिया, महमदपुर, सड़ान, नादी, दरियापुर, प्रसादपुर, महराजगंज और गजेंद्रपुर सहित कई गांवों में हैं, जहां खेती-किसानी के सिलसिले में उन्हें रोजाना आना-जाना पड़ता है। ग्रामीणों का कहना है कि कुछ बैरियरों पर रोक-टोक के कारण किसान, शिक्षक और निजी कर्मचारी भी प्रभावित हुए हैं। उनका कहना है कि सुरक्षा व्यवस्था जरूरी है, लेकिन स्थानीय लोगों के लिए सुगम आवागमन की व्यवस्था भी होनी चाहिए। ग्रामीणों के बीच चर्चा है कि पांच किलोमीटर के दायरे में रहने वाले लोगों को आधार कार्ड के आधार पर आवागमन की सुविधा दिए जाने की बात कही गई थी। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि सुरक्षा के साथ स्थानीय नागरिकों के आवागमन की स्पष्ट व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए।
सकलडीहा के बाद धानापुर ब्लॉक के पंचायत सहायकों पर गिर सकती है गाज, कही ताला बंद तो कोई सरकारी कार्यों को छोड़ निजी विद्यालय में दे रहा शिक्षा
चंदौली
तीज पर सोलह शृंगार में सजीं सुहागिनें, पति की लंबी उम्र के लिए रखा निर्जला व्रत
चंदौली
युवाओं को भ्रमित करने की कोशिशों से सावधान रहें : सुशील सिंह
धानापुर, चंदौली
हिंगुतरगढ़ पंचायत भवन में ताला बन्द, पंचायत सहायक गायब
धानापुर, चंदौली
जन्मोत्सव के अंतिम दिन आस्था वानों का उमड़ा जनसैलाब, लाखो की संख्या में लोगो ने किया दर्शन पूजन, मांगी मनोकामनाएं
चहनियां, चंदौली