एस.एस कान्वेंट स्कूल में सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता के विजेताओं को किया गया सम्मानित, अभिभावकों ने विद्यालय की व्यवस्थाओं पर जताया संतोष
धानापु। क्षेत्र के हिंगुतरगढ़ स्थित एस.एस कान्वेंट स्कूल में सोमवार को अभिभावक-शिक्षक सम्मेलन एवं सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अभिभावकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। इस दौरान अभिभावकों ने विद्यालय में बच्चों के पठन-पाठन और शैक्षणिक गतिविधियों पर संतोष व्यक्त किया। वहीं, कुछ अभिभावकों ने विद्यालय से जुड़ी अपनी व्यक्तिगत समस्याओं और सुझावों से विद्यालय प्रबंधन को अवगत कराया। प्रबंधन ने सभी समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन दिया। विद्यालय की ओर से बच्चों में प्रतिस्पर्धा की भावना, सामान्य ज्ञान और पढ़ाई के प्रति रुचि बढ़ाने के उद्देश्य से कक्षा दो से आठ तक सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता आयोजित की गई थी। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रत्येक कक्षा के टॉप-3 विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। पुरस्कार मिलने से बच्चों में उत्साह देखने को मिला और विद्यालय परिवार ने इसे विद्यार्थियों की प्रतिभा को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।

प्रधानाचार्य ने अभिभावकों का किया स्वागत 
विद्यालय की प्रधानाचार्या नीतू सिंह ने सम्मेलन में उपस्थित सभी अभिभावकों का स्वागत करते हुए कहा कि अभिभावकों की ओर से बताई गई कमियों और सुझावों पर विद्यालय की ओर से सुधार के लिए पूरी कोशिश की जाएगी। उन्होंने कहा कि सभी बच्चों पर उनका विशेष ध्यान है और आगे भी बच्चों के शैक्षणिक विकास के लिए निरंतर प्रयास जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों में पढ़ाई के प्रति रुचि और प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करने के लिए भविष्य में भी इस तरह की प्रतियोगिताओं का आयोजन कराया जाएगा।